गायत्री देवी ट्रस्ट द्वारा 27 अप्रैल को "स्वास्थ्य जोधपुर 2025" के तहत होगा आयोजन, 6000 से अधिक मरीज़ों को मिलेगी मुफ्त चिकित्सा सुविधा
100 से अधिक डॉक्टर देंगे अपनी सेवाएँ, सभी चिकित्सा पद्धतियों का होगा समावेश
जोधपुर। शहर इतिहास के सबसे बड़े मेडिकल कैंप की मेज़बानी करने जा रहा है। गायत्री देवी ट्रस्ट द्वारा आयोजित यह विशाल चिकित्सा शिविर "स्वास्थ्य जोधपुर 2025" के नाम से 27 अप्रैल 2025 को आयोजित किया जाएगा। ट्रस्ट के संस्थापक चंद्रशेखर अरोड़ा ने बताया कि इस कैंप में लगभग 100 डॉक्टर अपनी सेवाएँ प्रदान करेंगे और अनुमानित 5000 से 6000 मरीज़ों को लाभ मिलेगा।
अरोड़ा ने बताया कि "स्वास्थ्य जोधपुर 2025" में आधुनिक चिकित्सा के साथ-साथ आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक, एक्यूप्रेशर, रेकी और योगा जैसी विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों की सुविधाएँ उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य एक छत के नीचे सभी चिकित्सा पद्धतियों को लाकर मरीजों को सर्वोत्तम संभव स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करना है।
शिविर में भाग लेने वाले डॉक्टरों का पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। इस संबंध में गायत्री देवी ट्रस्ट के स्थाई सदस्यों की एक बैठक 7 अप्रैल 2025 को आयोजित की गई, जिसमें इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रणनीतियाँ तैयार की गईं और मेडिकल कैंप के पोस्टर का विमोचन किया गया।
बैठक में ट्रस्ट के प्रमुख सदस्य चंद्रशेखर अरोड़ा, अशोक चितारा, चंद्रप्रकाश आसेरी, चक्रेश मेहता, शालू सोनी, मधु तापड़िया, उषा सोनी, विनती जांगिड़, स्नेहलता जांगिड़, लक्ष्मी शेखावत, राहुल चौहान, जसोदा सुथार, कंचन बिरला, राजेश भाटिया, दीपा जैन, आशा चांडक, सुनीता, यशिका, गीता जोशी, नीरा आदि उपस्थित थे। यह कैंप जोधपुर के निवासियों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच को और अधिक व्यापक बनाएगा।
Post A Comment:
0 comments: