उड़ीसा से काशी तक, लोक कलाओं का संगम होगी रामनवमी शोभायात्रा
विहिप राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री होंगे मुख्य वक्ता
जोधपुर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) जोधपुर महानगर द्वारा आयोजित रामनवमी महोत्सव समिति 6 अप्रैल, रविवार को एक भव्य रामनवमी शोभायात्रा का आयोजन कर रही है। यह शोभायात्रा सुबह 10 बजे शहर के घंटाघर से प्रारंभ होकर सिरे बाजार होते हुए सरदारपुरा के सत्संग भवन पर समाप्त होगी। शोभायात्रा में संतों का आशीर्वाद और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रहेगी।
यह शोभायात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि एक विशाल सांस्कृतिक समागम भी होगा। देश के कोने-कोने से लोक कलाकार इसमें अपनी प्रस्तुति देंगे। उड़ीसा की गोटी पुआ और डोकरा नृत्य, आंध्र प्रदेश की कुचीपुड़ी, गुजरात का गरबा, राजस्थान के बाड़मेर की गेर, उज्जैन की महाकाल टोनी, काशी मणिकर्णिका घाट की ममान होली और देश के विभिन्न प्रसिद्ध मंदिरों की झांकियाँ इस शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण होंगी। इनके अलावा, मर्यादा पुरूषोत्तम प्रभु श्री राम के आदर्श जीवन चरित्र और सामाजिक समरसता पर आधारित प्रस्तुतियाँ भी होंगी।
रामनवमी महोत्सव समिति के अध्यक्ष डॉ. पप्पूराम डारा ने गुरुवार को एक प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विहिप राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री देशपांडे इस शोभायात्रा में मुख्य वक्ता होंगे। समिति ने शोभायात्रा को एक यादगार पल बनाने के लिए व्यापक तैयारियाँ की हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से इस शोभायात्रा में शामिल होने और रामकाज को जन-जन तक पहुँचाने में सहयोग करने का आह्वान किया है। शहर में रामनवमी के अवसर पर उत्सव का माहौल होगा और जोधपुर भगवामय हो जाएगा।
Post A Comment:
0 comments: