ACP राजपुरोहित ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं का किया निवारण, सुरक्षा को लेकर दिए अहम सुझाव
सेक्टर 9 के निवासियों ने पुलिस प्रशासन से की शिकायतों की सुनवाई
जोधपुर। कुड़ी भगतासनी क्षेत्र के सेक्टर 9 स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पार्क में आज पुलिस-जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ACP बोरानाडा आनंद सिंह राजपुरोहित, थाना अधिकारी हमीर सिंह, एएसआई और थाने के बीट अधिकारी अशोक जी, हनुमान जी तथा महिला सुरक्षा अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने भाग लिया और अपनी समस्याओं को पुलिस प्रशासन के समक्ष रखा।
सुबह 9:30 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में सेक्टर 9 के रहवासियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को बताया। पार्षद पीएन माथुर बाबा ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और क्षेत्रवासियों की समस्याओं को उठाया। मुख्य समस्याओं में रात के समय असामाजिक तत्वों द्वारा सड़कों पर उत्पात मचाना, तेज गति से वाहनों का चलना और महिला सुरक्षा शामिल थी।
पुलिस प्रशासन ने क्षेत्रवासियों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। तेज गति से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने का भरोसा दिया गया। महिला सुरक्षा के संदर्भ में, महिला ट्रांसपोर्ट द्वारा संचालित 1090 हेल्पलाइन नंबर के बारे में जानकारी दी गई और महिला सुरक्षा ऐप डाउनलोड करने का तरीका बताया गया।
कार्यक्रम में पार्षद पीएन माथुर बाबा के अलावा गणपत जी, प्रमोद सिंह, आत्मानंद फौजी, मनीष यादव, बाबू लाल, राधे श्याम, उमेश सिंह, अनिल रामावत, रामाशीष, मनोज शर्मा एवं समस्त क्षेत्रवासी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने लोगों से सहयोग करने और किसी भी प्रकार की अपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया।
Post A Comment:
0 comments: