Congress expressed protest against the misgovernance of BJP government in Jodhpur. जोधपुर में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के कुशासन के खिलाफ जताया विरोध।

पर्ची सरकार का एक साल: राजस्थान बेहाल, कांग्रेस का धरना प्रदर्शन, बेरोजगारी, महंगाई और महिला अत्याचारों पर उठाए सवाल।

जोधपुर। भाजपा सरकार के एक साल के कार्यकाल को "पर्ची सरकार" करार देते हुए, जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी उत्तर और दक्षिण ने आज शहर में धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। सुबह 11 बजे से शुरू हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। "भाजपा सरकार मुर्दाबाद", "पर्ची सरकार होश में आओ" जैसे नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।

जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी उत्तर के अध्यक्ष सलीम खान ने बताया कि राजस्थान में हर वर्ग आज परेशान है। युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं, महिलाएं अत्याचारों का शिकार हो रही हैं और आम जनता महंगाई से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भजन लाल सिर्फ जश्न मनाने में लगे हुए हैं जबकि जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। खान ने आगे बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार को "सद्बुद्धि" के लिए यज्ञ भी किया।

दक्षिण जिला अध्यक्ष नरेश जोशी ने कहा कि कांग्रेस कानून बनाती है जबकि भाजपा "एक्ट" बनाती है जिन्हें मनमाने ढंग से बंद किया जा सकता है। उन्होंने सामाजिक पेंशन में 1000 से 1200 रुपये की वृद्धि को कानून बनने के बजाय एकतरफा करार दिया।

पूर्व राज्य मंत्री राजेन्द्र सोलंकी ने गरीबों के पट्टे रद्द करने और सफाई कर्मचारियों की भर्ती रद्द करने के फैसले की कड़ी निंदा की। पूर्व विधायक मनीषा पंवार ने कहा कि इस सरकार के शासनकाल में महिलाओं पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुए हैं।  रोजाना बलात्कार की घटनाएं सामने आ रही हैं और महंगाई का सबसे ज्यादा असर महिलाओं पर पड़ रहा है।

जोधपुर महापौर कुंती परिहार ने बताया कि राज्य स्तरीय एक समारोह के लिए निगम के 600 कर्मचारियों को जयपुर बुलाया गया है, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

इस धरना प्रदर्शन में पूर्व अध्यक्ष सईद अंसारी, सुनील परिहार, गणपत सिंह चौहान, रमेश बोराणा, करीम जौनी, लियाकत अली रंगरेज, हेम सिंह गहलोत, सुनील व्यास, कुमारी जाफरान, अनिल टाटिया, शेर मोहम्मद, त्रिलोक मेहरा, इक़बाल मौलानी, इरफ़ान बेली, इश्तियाक अली, संजय गौड़, भंवर हाथवाल, अख्तर खान, टीकम सांखला, नदीम इक़बाल, मोईन खान आदि कई कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।

Post A Comment:

0 comments: